कुनकुरी के रेमते रोड मोहल्ले में सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा, चोर और चोरी का सामान खरीदने वाला गिरफ्तार
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के रेमते रोड मोहल्ले में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी चोर साहिल चौहान उर्फ मंटू (22) निवासी तुरी बस्ती, कुनकुरी और चोरी का सामान खरीदने वाले दिवाकर ताम्रकार (28) निवासी बजरंग नगर, कुनकुरी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना कुनकुरी में बीएनएस की धारा 331(4), 305(क) और 317(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
प्रार्थी राकेश कुमार साव ने 9 मार्च को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बड़े पिता रामबिलास प्रसाद का घर सूना था, क्योंकि वे पत्नी के इलाज के लिए रांची में अपने बेटे के पास रह रहे थे। जब वह रांची से वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने के कान के टॉप्स, चांदी की पायल, पैर में पहनने वाली पांच नग साठी और करीब डेढ़ हजार रुपये चोरी हो चुके थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि साहिल चौहान उर्फ मंटू अचानक अधिक पैसे खर्च कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया और बताया कि चोरी के आभूषण उसने दिवाकर ताम्रकार को 20 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
