चक्रधरनगर थाना के सामने तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार महिला को मारी टक्कर
रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। बोंदाटिकरा निवासी रामेश्वर बंसत की शिकायत पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। शिकायत में बताया गया कि घटना 7 मार्च की शाम करीब 5:15 बजे थाना चक्रधरनगर के सामने मुख्य मार्ग पर हुई।
जानकारी के अनुसार रामेश्वर बंसत की पत्नी प्रभा बंसत अपने कार्यालय के काम से साइकिल से दुर्गा चौक जा रही थीं। इसी दौरान अंबेडकर चौक की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रहे बाइक क्रमांक CG13 UH 9324 के चालक ने पीछे से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह साइकिल सहित सड़क पर गिर गईं और उन्हें हाथ, पैर तथा सिर के पास चोटें आईं।
घायल महिला को इलाज के लिए पहले मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जेएमजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोटरयान अधिनियम की धारा 184 तथा बीएनएस की धारा 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
