जादू-टोना के शक में महिला की निर्मम हत्या, पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार
जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका की पहचान गोईदी बाई (48) निवासी गट्टी महुआ के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति ठूपन राम, फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को सहलू राम ने थाना सन्ना में सूचना दी कि उसकी बड़ी बहन गोईदी बाई अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान मिले तथा गुप्तांग में गंभीर चोट के चिन्ह पाए गए। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में कठोर व भोंथरी वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचने के कारण हत्या होना पाया गया।
विवेचना के दौरान आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि जादू-टोना के शक में चारों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले मृतिका को झोपड़ी में बैठाकर हड़िया पिलाई, फिर मारपीट कर लकड़ी के डंडे को उसके गुप्तांग में डाल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को घर लाकर बिस्तर पर कंबल से ढक दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
