न्यूज

रायगढ़ के जिंदल गेट के बाहर खड़ा 40 लाख का ट्रेलर और 20 लाख का लोहे का एंगल चोरी

रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र में जिंदल गेट के बाहर मेन रोड किनारे खड़ा ट्रेलर चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता धरमराज जाट की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 7 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे की बताई गई है।

धरमराज जाट ने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान के अजमेर जिले का निवासी है और पिछले कई वर्षों से ट्रेलर चलाकर रायगढ़ स्थित जेएसपीएल से माल लोड कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता है। 6 मार्च को उसने ट्रेलर क्रमांक RJ48GA3147 में करीब 41 टन लोहे का एंगल लोड कराया था, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।

7 मार्च की शाम जिंदल गेट के बाहर ट्रेलर खड़ा कर वह कागजात चेक कराने कार्यालय गया था। उस दौरान हेल्पर कुलदीप राज ट्रेलर में ही मौजूद था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर ट्रेलर मौके से गायब मिला और हेल्पर का मोबाइल भी बंद मिला। चोरी हुए ट्रेलर की कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई गई है, इस तरह कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की आशंका पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button