रायगढ़ जिले में आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, प्रगति नहीं होने पर होगी कार्रवाई
रायगढ़, 9मार्च 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत जिले में संचालित आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला पंचायत रायगढ़ के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिजीत पठारे ने की। बैठक में सभी विकासखंडों के समन्वयकों और फील्ड नोडल अधिकारियों से पंचायतवार आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई तथा जिन हितग्राहियों के आवास अभी तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए कार्य प्रगति को विभिन्न चरणों में विभाजित कर निगरानी की रणनीति बनाई गई। प्लींथ लेवल से खिड़की लेवल, खिड़की लेवल से डोर लेवल, डोर लेवल से रूफ लेवल और रूफ लेवल से पूर्णता तक कार्य सुनिश्चित करने के लिए फील्ड अधिकारियों को साप्ताहिक लक्ष्य दिए गए। अधिकारियों को हितग्राहियों से नियमित संपर्क बनाकर निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मनरेगा के तहत हितग्राहियों को 90 दिवस की मजदूरी उपलब्ध कराने और लंबित भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत अपूर्ण और अप्रारंभ आवासों की भी समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेश पटेल सहित जिला और जनपद स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
