इंस्टाग्राम पर पहचान का फायदा उठाकर महिला के घर घुसकर छेड़छाड़ करने वाला युवक गिरफ्तार
8 मार्च, रायगढ़ । जूटमिल थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहित महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान शुभम यादव पिता संतोष कुमार यादव उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड नं. 10 सोसायटी रोड बाराद्वार थाना बाराद्वार जिला सक्ती के रूप में हुई है।
पीड़िता (29 वर्ष) ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब तीन वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान शुभम यादव से हुई थी। कुछ समय बाद आरोपी द्वारा अश्लील मैसेज और गाली-गलौज किए जाने के कारण उसने बातचीत बंद कर दी थी, लेकिन आरोपी लगातार फोन कॉल कर परेशान करता रहा। 07 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी महिला के घर में घुस आया और धक्का देकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और फरार हो गया।
महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 धारा 331(1), 74, 75(1), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में महिला थाना टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि छेड़छाड़ या किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या ‘हेलो सिस्टर’ महिला हेल्पलाइन 94792-70533 पर तत्काल संपर्क करें।
