लंबित शिकायतों का जल्द निराकरण करें, अपराधियों पर कार्रवाई तेज करें : एसएसपी शशि मोहन सिंह
रायगढ़, 8 मार्च 2026। पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखा प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त पत्राचार, लंबित प्रकरणों और शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और महिलाओं, असहाय व्यक्तियों तथा बुजुर्गों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
बैठक में एसएसपी ने एमसीयू के माध्यम से सभी थानों में गिरफ्तार आरोपियों के फिंगरप्रिंट अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। लॉ सेक्शन को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से जुड़े जवाबदावों का समय पर निराकरण करने तथा ई-समंस की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने कहा गया। डायल-112 कर्मचारियों की विशेष मॉनिटरिंग, सीसीटीएनएस में समय पर एंट्री और थानों में लंबित शिकायतों को खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
क्राइम मीटिंग के दौरान गुंडा-बदमाशों की समीक्षा करते हुए सक्रिय अपराधियों को निगरानी में लेने और आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विजुअल पुलिसिंग के तहत नियमित फुट पेट्रोलिंग करने और अड्डेबाजी वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने कहा गया। साथ ही हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, पॉक्सो और लूट जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने जिले में चल रहे ऑपरेशन आघात, शंखनाद, अंकुश और तलाश के तहत मादक पदार्थ, मवेशी तस्करी, जुआ-सट्टा तथा फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह थानों के कार्यों की समीक्षा के आधार पर उत्कृष्ट थाना प्रभारी को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ से सम्मानित किया जाएगा और अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र दिया जाएगा। साथ ही थाना प्रभारियों को स्टाफ पर नियंत्रण रखने और आमजन, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं व बुजुर्गों के साथ शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी गई।
