न्यूज

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान, “हेलो सिस्टर” टीम का गठन

रायगढ़, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम में जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष भर अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्धांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी तथा आरआई अमित सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान किया।

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी समाज में नारी सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुलिस, आर्मी सहित कई ऐसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया। साथ ही महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा “हेलो सिस्टर” नाम से विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की घोषणा की गई, जिसका नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। टीम के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479270533 जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा और जिले की किसी भी महिला पीड़ित को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button