रेलवे स्टेशन रायगढ़ के बाहर महिला-पति से मारपीट, 12 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 13 फरवरी 2026। रेलवे स्टेशन रायगढ़ के बाहर महिला एवं उसके पति से मारपीट की घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय हुई और मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पीड़ित पवन यादव ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी पूजा यादव एवं दो बच्चों के साथ फुग्गा बेचने रायगढ़ आया था। 12 फरवरी की रात रेलवे स्टेशन के बाहर मोटर पार्किंग के सामने भोजन बनाते समय कुछ युवकों ने गिलास मांगा। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पत्नी के साथ मारपीट की तथा बीच-बचाव करने पर उसे भी पीटा।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार आरोपी—शशि कुमार पासवान, राकेश कुमार पासवान, रोशन भारती उर्फ पप्पू एवं पप्पू पासवान—को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी वर्तमान में रेलवे कॉलोनी रायगढ़ में निवासरत बताए गए हैं।
रायगढ़ पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई के साथ पृथक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी प्रारंभ की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थल पर मारपीट और शांति-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आम नागरिकों से ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
