जनपद पंचायत परिसर लैलूंगा में दिव्यांगजन व वृद्धजनों के लिए विशेष शिविर, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला लाभ
रायगढ़, 13 फरवरी 2026। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र अंतर्गत जनपद पंचायत लैलूंगा परिसर में दिव्यांगजनों के चिन्हांकन, प्रमाणीकरण तथा वयोवृद्ध एवं पात्र हितग्राहियों के पेंशन सत्यापन के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। राज्य शासन की मंशानुसार जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें योजनाओं से जोड़ना रहा। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने दिव्यांगजनों का शारीरिक परीक्षण कर चिन्हांकन किया तथा पात्र हितग्राहियों के नए दिव्यांग प्रमाण पत्र (यूडीआईडी) बनाने और पुराने प्रमाण पत्रों के नवीनीकरण हेतु पंजीयन किया। साथ ही वृद्धजनों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों के पेंशन संबंधी दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिससे लंबित और नई पेंशन प्रक्रियाओं को गति मिल सके।
शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए जाने हेतु भी चिन्हित किया गया। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने गांव के समीप ही सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की पहल की सराहना की और बताया कि इससे समय एवं संसाधनों की बचत हुई। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ लैलूंगा प्रीति नायडू सहित समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय मेडिकल टीम उपस्थित रही। समापन अवसर पर नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत उपस्थितजनों को शपथ दिलाई गई और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज निर्माण का संकल्प कराया गया।
