अपराध मुक्त रायगढ़ की ओर बड़ा कदम: तमनार में बीट सिस्टम मजबूत, ‘ऑपरेशन आघात’ शुरू
रायगढ़, 12 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अपराध मुक्त रायगढ़ के लक्ष्य को लेकर बीट पुलिस व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना तमनार में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने ग्राम कोटवारों की बैठक लेकर बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में प्रत्येक गांव में नियुक्त बीट प्रभारी से नियमित समन्वय बनाए रखने और समय पर सूचना साझा करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि नवपदस्थ एसएसपी की मंशा के अनुरूप बीट सिस्टम को सक्रिय, जवाबदेह और परिणाममुखी बनाया जाएगा, ताकि गांव स्तर पर होने वाली घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना तंत्र मजबूत होने से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आपात स्थितियों में भी शीघ्र और प्रभावी प्रतिक्रिया संभव होगी।
बैठक में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तमनार क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की जानकारी दी गई। ग्राम कोटवारों को निर्देशित किया गया कि गांव में इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही प्रत्येक गांव में मुसाफिर पंजी संधारण, बाहरी व्यक्तियों और घुमंतू कारोबारियों का विवरण दर्ज करने तथा संदिग्ध स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, ऑनलाइन ठगी से बचाव, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष बल दिया गया। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने, शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने और परीक्षाओं के दौरान अनावश्यक ध्वनि विस्तारकों पर नियंत्रण रखने की समझाइश दी गई। तमनार पुलिस की यह पहल ग्राम स्तर पर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
