न्यूज

रायगढ़ नगर निगम: एमआईसी बैठक में 17.18 करोड़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी, 20 एजेंडों पर बनी सहमति

रायगढ़ में महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास से जुड़े 17 करोड़ 18 लाख रुपये के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। प्रारंभ में एजेंडा क्रमांक 1 से 8 तक विभिन्न जोन के सफाई कार्यों के लिए प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में बस स्टैंड से इंदिरा नगर के बीच नाले पर पुल निर्माण के लिए पाइपलाइन विस्थापन से जुड़े 1 करोड़ 26 लाख के कार्य को स्वीकृत किया गया। इसी तरह चांदनी चौक से राजा महल तक पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए 1 करोड़ 8 लाख तथा फिल्टर प्लांट के रिनोवेशन व अपग्रेडेशन के लिए 2 करोड़ 20 लाख के प्रस्तावों पर मुहर लगी। 25 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में सपवेल निर्माण, पंप इंस्टॉलेशन एवं पाइपलाइन विस्तार हेतु 5 करोड़ 27 लाख के कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।

दीनदयाल उपाध्याय भूजल संवर्धन मिशन के तहत करीब 60 लाख के 10 कार्यों को स्वीकृति मिली। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में सोलर पैनल से बिजली उत्पादन के लिए 1 करोड़ 75 लाख के प्रस्ताव, दो दुकानों के नामांतरण, कोसाबाड़ी दूध डेयरी में ऑक्सीजोन निर्माण, आर्किटेक्ट नियुक्ति तथा फूल बाजार स्थापना जैसे अहम निर्णय लिए गए। सदस्यों के प्रश्नों का जवाब कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने दिया। बैठक में अशोक यादव, मुक्तिनाथ बबुआ, पूनम सोलंकी, त्रिवेणी डहरे और अमित शर्मा उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button