न्यूज

ऑपरेशन अंकुश : कोतरारोड़, लैलूंगा व तमनार में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई—27.300 लीटर अवैध शराब जप्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 11 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान #ऑपरेशन अंकुश प्रारंभ किया गया है। इसी कड़ी में 10 फरवरी को कोतरारोड़, लैलूंगा और तमनार थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया तथा बड़ी मात्रा में देशी प्लेन एवं महुआ शराब बरामद की गई।

कोतरारोड़ पुलिस ने किरोडीमल नगर शराब भट्ठी के पास कार्रवाई करते हुए मुरलीधर चौहान (41 वर्ष), निवासी उच्चभिट्ठी को 35 पाव रोमियो देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। जप्त शराब की मात्रा 6.300 लीटर तथा अनुमानित कीमत 2,800 रुपये आंकी गई। वहीं लैलूंगा पुलिस ने ग्राम रूपडेगा कटेलपारा में दबिश देकर डेरियाहा गोस्वामी के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 1,200 रुपये बताई गई। आरोपी द्वारा शराब बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया गया।

तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम सारसमाल में पुलिस टीम ने दशाई भगत (67 वर्ष) को 09 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा। उसके पास से 150 रुपये बिक्री रकम भी जप्त की गई। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुरीत लाल सिदार सहित पेट्रोलिंग दल की अहम भूमिका रही। तीनों मामलों में कुल 27.300 लीटर अवैध शराब, अनुमानित कीमत लगभग 5,800 रुपये जप्त की गई और आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। #ऑपरेशन अंकुश के माध्यम से ऐसे तत्वों पर निरंतर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button