लैलूंगा के नवापारा वार्ड क्रमांक 2 में शादी देखने गए युवक की बाइक हुई चोरी
लैलूंगा थाना क्षेत्र के नवापारा वार्ड नंबर 02 में शादी समारोह देखने गए युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। प्रार्थी दीपेश कुमार चांद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 7 फरवरी की रात करीब 9 बजे अपनी स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG-12-BL-8290 से कार्यक्रम में गया था और गाड़ी को घर के बाहर लॉक कर खड़ा किया था। देर रात लगभग 12 बजे वापस लौटा तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली।
पीड़ित ने आसपास मौजूद लोगों के साथ काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। प्रार्थी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी कर लिया गया है, जिसके बाद उसने लैलूंगा थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता को मामले की विवेचना सौंपी गई है।
