न्यूज

होटल ट्रिनिटी के सनराइज स्पा में देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक व मैनेजर गिरफ्तार

रायगढ़, 10 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 09 फरवरी की शाम होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध रेड कार्यवाही की गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा और संकेत मिलते ही दबिश दी। छापेमारी में तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं, जिनकी मर्यादा का ध्यान रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली गई। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, ग्राहकों का रजिस्टर, स्पा से जुड़े दस्तावेज, किरायानामा, मोबाइल और नकदी बरामद की गई।

पूछताछ में स्पा संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराकर अवैध कमाई की जा रही थी। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 3, 4, 5, 7 पीटा एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक कोसो सिंह जगत, महिला प्रधान आरक्षक बसंती खुंटे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा व अन्य अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button