न्यूज

छाल पुलिस की कार्रवाई: मुनुंद बाजार चौक में 800 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, ₹13,050 की जप्ती

रायगढ़, 9 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना छाल पुलिस ने गांजा बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुनुंद का निवासी एक व्यक्ति बाजार चौक के पास थैले में गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप त्रिपाठी बताया तथा झोले में गांजा रखा होना स्वीकार किया। विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया तथा गांजा बिक्री से प्राप्त नगद ₹4,250 भी जप्त किए गए।

बरामद गांजा की अनुमानित कीमत ₹8,800 आंकी गई है। इस प्रकार कार्रवाई में कुल ₹13,050 की जप्ती की गई। आरोपी प्रदीप त्रिपाठी पिता बसंत त्रिपाठी, उम्र 44 वर्ष, निवासी मुनुंद दुर्गा चौक, थाना छाल जिला रायगढ़ के विरुद्ध थाना छाल में अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, उप निरीक्षक मदन पटले, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्री, आरक्षक सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे एवं महिला आरक्षक एमरेंसिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा जिले में गांजा व अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button