रायपुर : स्कूली बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, ताली बजाकर बढ़ाया उत्साह
संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम–2026 के समापन समारोह में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। जगदलपुर के हजारों बच्चों ने “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक देखा और बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए लगातार ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा किया गया मलखंभ प्रदर्शन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। कठिन शारीरिक संतुलन और कलात्मक कौशल से सजे इस प्रदर्शन को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। गृह मंत्री ने बच्चों की कला, अनुशासन और आत्मविश्वास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि बस्तर की यह प्रतिभा पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच देते हैं, बल्कि बस्तर की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत हिंदी और हल्बी बोली के सुंदर मेल से रचा गया है। बस्तर की बादल अकादमी के कलाकारों ने इसमें स्वर और संगीत दिया है, जबकि दायरा बैंड ने आधुनिक संगीत संयोजन से इसे नया रूप प्रदान किया है। यही कारण है कि यह गीत आज युवाओं और बच्चों के बीच खासा लोकप्रिय बन चुका है और बस्तर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनता जा रहा है।
