होटल संचालिका से किराये पर लिया ट्रेलर हड़पकर डाला बेचा, घरघोड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का गंभीर मामला सामने आया है, जहां होटल संचालिका से किराये के नाम पर लिया गया ट्रेलर वाहन आरोपियों ने बेच दिया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रार्थिया 48 वर्षीय मीना चौहान, निवासी ग्राम कंचनपुर, ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व 16 लाख रुपये में ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13-LA-4176 खरीदा था। दस्तावेज लंबित होने के दौरान परमेश्वर चौहान ने स्वयं कागजात बनवाने और 85 हजार रुपये मासिक किराया देने का झांसा देकर वाहन ले लिया।
20 जनवरी 2026 को परमेश्वर चौहान अपने साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान के साथ होटल पहुंचा और ट्रेलर ले गया, यह कहकर कि कुछ दिन चलाने के बाद लिखापढ़ी की जाएगी। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। संदेह होने पर जीपीएस लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे ट्रेलर कुंजारा, लैलूंगा क्षेत्र में पाया गया।
5 फरवरी को मौके पर पहुंचने पर महिला और उसके पुत्रों ने देखा कि ट्रेलर का केवल इंजन खड़ा है, जबकि डाला गायब था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन को बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
थाना घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर का इंजन जब्त कर दोनों आरोपियों परमेश्वर चौहान और लीलाम्बर प्रसाद चौहान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में धोखाधड़ी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
