न्यूज

छाल थाना में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत प्रेरणादायी नागरिकों का सम्मान, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बढ़ी पुलिस–जन सहभागिता

 

रायगढ़, 08 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से थाना छाल परिसर में प्रेरणादायी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने ग्राम कोटवारों की बैठक लेकर गांवों की गतिविधियों की जानकारी ली और हर घटना–दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र व मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में ग्राम तरेकेला निवासी नीरज सिदार और सादराम राठिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन युवाओं ने सड़क दुर्घटना में घायल कोरबा निवासी एक अंजान युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की थी और रेफर होने तक उसके साथ बने रहे। सूचना मिलने पर छाल पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। थाना प्रभारी ने इस कार्य को समाज के लिए प्रेरक बताते हुए दोनों युवाओं की सराहना की।

इसी कड़ी में ग्राम रिलो के लवकुश महंत और ग्राम पुसल्दा के हरिशंकर चौहान को भी सम्मानित किया गया, जो क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसमित्र की तरह सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम में हाई स्कूल कटाईपाली के मेधावी छात्र गगन कुमार को 10वीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर प्रोत्साहित किया गया, वहीं ग्राम पोड़ी के कोटवार छेदूदास को कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया।

थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे नागरिकों का सम्मान समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करता है और अन्य लोगों को भी अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि शांति व्यवस्था के लिए सजग नागरिकों की भागीदारी जरूरी है और रायगढ़ पुलिस ऐसे लोगों को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनी रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button