न्यूज

आरा क्षेत्र में ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने 52 किलो से अधिक गांजे के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार, क्रेटा कार भी जप्त

जशपुर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता मिली है। चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्कर उड़ीसा से गांजा लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार क्रमांक CG-13-AM-9231 को भी जप्त कर लिया है। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार के माध्यम से उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना पर आरा चौकी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बोरोझरिया जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिग्गी में दो बोरियों के भीतर 50 पैकेट में भरा गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शहरूख शाह उम्र 34 वर्ष निवासी आजाद मोहल्ला जशपुर और तारिक अंसारी उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कव्वाली मंच के पास जशपुर शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने उड़ीसा से गांजा लाकर जशपुर में बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने फरार तीसरे आरोपी को भी चिन्हित कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। चौकी आरा में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी अजाक भावेश समरत, थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, चौकी प्रभारी चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन आघात के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button