रायगढ़ जिले में बैंक सुरक्षा का औचक निरीक्षण, अलार्म–सीसीटीवी से लेकर कैश मूवमेंट तक की हुई सघन जांच
रायगढ़, 7 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में 06.02.2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए व्यापक औचक अभियान चलाया गया। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करने तथा कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
अभियान के तहत राजपत्रित अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों ने मातहत बल के साथ बैंकों का भ्रमण कर अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता, सीसीटीवी कैमरों के कवरेज, बैंक गार्ड की तैनाती, आर्म्स गार्ड के शस्त्र–लाइसेंस की वैधता, चेस्ट–लॉकर सुरक्षा, कैश लेन–देन के दौरान अपनाए जा रहे प्रोटोकॉल, पार्किंग व्यवस्था एवं अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की गहन पड़ताल की। साथ ही यह भी देखा गया कि बैंक अधिकारियों के पास थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर उपलब्ध हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा गार्डों से प्रत्यक्ष संवाद कर सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैंक परिसरों के आसपास संचालित दुकानदारों व ठेलेवालों को भी जागरूक किया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम 9479193299 अथवा संबंधित थाना प्रभारी को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैंकों एवं एटीएम की नियमित जांच, प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक और जमीनी स्तर पर सुरक्षा ऑडिट के माध्यम से जिले की वित्तीय संस्थाओं को पूरी तरह सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरंतर निरीक्षण के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाता रहेगा।
