लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़आमा में भांजे ने की मामा से मारपीट
लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़आमा में एक पारिवारिक कार्यक्रम के बाद बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गंभीर घटना सामने आई है। प्रार्थी धनुराम कुजूर उम्र 65 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 फरवरी की रात वह रिश्तेदार के घर से लौटे थे। घर छोड़ने की बात पर भांजे सामुएल तिर्की ने अचानक आक्रोशित होकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी के अनुसार आरोपी ने हाथ-मुक्कों से चेहरे व सिर पर हमला किया और जमीन पर पटक दिया, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं और सूजन हो गई। तबियत अधिक खराब होने के कारण वह तत्काल थाने नहीं आ सके। स्वास्थ्य में सुधार होने पर 6 फरवरी को अपने दामाद और नाती के साथ लैलूंगा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध क्रमांक 0033/26 दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। उप निरीक्षक चंद्र कुमार सिंगार को विवेचना सौंपी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
