प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप व फ्लेवर लिक्विड की बिक्री पर बड़ी कार्रवाई, 02 आरोपी गिरफ्तार, 55 हजार का सामान व चाइनीज चाकू जप्त
अंबिकापुर में ई-सिगरेट और वेप जैसे प्रतिबंधित नशीले उत्पादों की अवैध बिक्री पर पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में कोतवाली, थाना मणीपुर और आबकारी उड़नदस्ता टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि मोबाइल-गिफ्ट गैलरी तथा पान-डेली नीड्स की दुकानों से युवाओं को वेप, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट व फ्लेवर लिक्विड बेचे जा रहे थे, जिससे लोक स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
पहले मामले में थाना मणीपुर क्षेत्र स्थित अमित मोबाइल एवं गिफ्ट गैलरी में छापेमारी कर 148 नग फ्लेवर लिक्विड, 16 नग वेप, 02 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, 12 नग फ्लेवर तथा 40 नग चाइना चाकू बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 49,400 रुपये आंकी गई। दुकान संचालक से पूछताछ में प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री की पुष्टि हुई, जिसके बाद सामान जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में स्कूल रोड स्थित एक पान ठेला व डेली नीड्स दुकान पर कार्रवाई कर 24 नग ई-सिगरेट रिफिल तथा 10 नग फ्लेवर बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 4,960 रुपये है। संचालक ने दुकान में ई-सिगरेट रखकर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके पर सामग्री जप्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की।
दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 की धारा 7, 8, बीएनएस की धारा 270 तथा कोटपा एक्ट की धारा 6(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों व अभिभावकों से अपील की है कि युवाओं को इस नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और ऐसी किसी भी अवैध बिक्री की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 पर दें। पूरी कार्रवाई में पुलिस, आबकारी विभाग और स्थानीय थाना टीम की सक्रिय भूमिका रही।
