न्यूज

रायगढ़ जिला जेल में वृहद स्वास्थ्य शिविर, 639 बंदियों को मिला चिकित्सकीय लाभ

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ रायगढ़ जिला जेल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला जेल प्रशासन और अंतरंग सामाजिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सेवा समिति के सचिव, जेल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को जेल परिसर में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।

शिविर में शासकीय चिकित्सालयों तथा निजी संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग, न्यूरोलॉजी, नेत्र, चर्म, दंत, क्षय रोग, एचआईवी, मनोरोग एवं आयुर्वेद जैसी विभिन्न विधाओं के माध्यम से 639 बंदियों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया, जिससे बंदियों को तत्काल उपचार का लाभ मिल सका।

मौसम परिवर्तन से होने वाली बीमारियों की आशंका को ध्यान में रखते हुए यह शिविर मानवीय दृष्टिकोण से आयोजित किया गया। जिला सत्र न्यायाधीश ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों और सामाजिक संस्था के सदस्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button