न्यूज

जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई — सट्टा लिखते महिला गिरफ्तार, 37,500 रुपये व मोबाइल जब्त

रायगढ़, 4 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में सट्टा-पट्टी के अवैध कारोबार पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा लिखते एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से नगद राशि, मोबाइल और सट्टा सामग्री बरामद की गई है।

थाना जूटमिल प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 03.02.2026 को ग्राम अमलीभौना इंदिरा आवास में दबिश दी। यहां रूपा लहरे, पति राजू लहरे, उम्र 38 वर्ष को सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा गया। पूछताछ में उसने 5 प्रतिशत कमीशन पर कागज के माध्यम से सट्टा लिखने तथा मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिये ऑनलाइन दांव लगवाने की बात स्वीकार की।

आरोपी के कब्जे से सट्टा लिखा कागज, रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, सट्टा में प्रयुक्त 37,500 रुपये नगद तथा एक चालू डॉट पेन जब्त किया गया। महिला के विरुद्ध थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 06(ए), 7 छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक क्लोस्टिका खरे, शिव वर्मा तथा आरक्षक धनेश्वर उरांव, शशिभूषण साहू और जितेश्वर चौहान की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सट्टा कारोबारियों और खाईवालों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अवैध धंधे तत्काल बंद कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। रायगढ़ पुलिस जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button