अवैध शराब पर जूटमिल पुलिस का बड़ा प्रहार—पिकअप से 70 पाव देशी/अंग्रेजी शराब जब्त, 3 लाख से अधिक की संपत्ति के साथ आरोपी जेल रवाना
रायगढ़, 3 फरवरी। एसएसपी शशि मोहन के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए शराब से लोड एक पिकअप वाहन जब्त किया है। मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने पुसौर–कोडातराई मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी में भारी मात्रा में शराब बरामद की। आरोपी के पास परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।
पकड़े गए चालक ने अपना नाम सजीत पटेल पिता बृजलाल पटेल उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम हरदी यार्ड रोडपारा थाना चन्द्रपुर जिला सक्ती बताया। वाहन की तलाशी में देशी प्लेन शराब 30 पाव तथा गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की अंग्रेजी शराब 40 पाव बरामद हुई। पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त सफेद रंग का पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-GP-7520 जप्त किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 3 लाख 7 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना जूटमिल में आबकारी एक्ट की धारा 34-2, 59-क के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए पृथक से धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत कार्रवाई की गई। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जूटमिल प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतारे तथा आरक्षक धनेश्वर उरांव एवं शशिभूषण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध धंधों से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और समाजहित में पुलिस का यह अभियान और अधिक सख्ती के साथ आगे भी निरंतर चलता रहेगा।
