ऑपरेशन मुस्कान: जनवरी में 59 में से 56 गुम इंसान मिले, 14 नाबालिग सकुशल बरामद—रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता
रायगढ़, 3 फरवरी। जिले में गुम इंसानों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत रायगढ़ पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। जनवरी माह में कुल 59 गुम इंसान दर्ज हुए थे, जिनमें से 56 को पुलिस ने सतत प्रयासों से खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। विशेष रूप से 16 गुम नाबालिगों में से 14 को सकुशल बरामद किया गया है, जिससे कई परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटी है।
जांच के दौरान जिन प्रकरणों में नाबालिगों को बहला–फुसलाकर ले जाने की पुष्टि हुई, वहां आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई। बीते दिनों चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, पुसौर और कोतरारोड़ पुलिस ने अलग–अलग मामलों में नाबालिगों को दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया। कोतरारोड़ पुलिस द्वारा 8 वर्ष से लापता बालक को महाराष्ट्र के सतारा से खोजकर लाना इस अभियान की सबसे संवेदनशील और सराहनीय उपलब्धि रही।
कई मामलों में यह तथ्य सामने आया कि बच्चे परिजनों से नाराज होकर घर छोड़ गए थे, जबकि कुछ घटनाओं में शादी का झांसा देकर नाबालिगों को भगाया गया था। ऐसे मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और पारिवारिक काउंसलिंग के माध्यम से तेजी से कार्रवाई कर गुमशुदाओं को खोजने में सफलता प्राप्त की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में ऑपरेशन मुस्कान निरंतर प्राथमिकता के साथ संचालित रहेगा। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों से संवाद बनाए रखें, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और सोशल मीडिया संपर्कों को लेकर सजग रहें। नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी तथा दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
