कटनी में 23 फरवरी को होगी महिला सेना पुलिस भर्ती रैली
रायगढ़,सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर मध्यप्रदेश द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन 23 फरवरी को पुलिस ग्राउंड झिन्झारी, कटनी (म.प्र.) में किया जाएगा। इस आयोजन में सेना भर्ती कार्यालय रायपुर, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत आने वाले सभी 33 जिलों की पात्र महिला उम्मीदवार भाग ले सकेंगी।
इस भर्ती रैली में केवल वही महिला अभ्यर्थी शामिल होंगी जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। भारतीय सेना द्वारा यह ऑनलाइन परीक्षा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 के मध्य आयोजित की गई थी, जिसके आधार पर पात्र उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
भर्ती रैली के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन चरणों में सफल होने वाली महिला उम्मीदवारों की चिकित्सा जांच 24 फरवरी को सेना अस्पताल, जबलपुर में निर्धारित की गई है।
भर्ती में शामिल होने वाली सभी योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड JIA वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा ई-मेल के माध्यम से भी भेजे गए हैं। उम्मीदवारों को रैली में उपस्थित होते समय एडमिट कार्ड, अधिसूचना अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज एवं आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर निर्धारित निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
