न्यूज

प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन व एनपीएस ट्रेडर्स योजना के पंजीयन हेतु 4 फरवरी को लगेगा शिविर

रायगढ़.भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना एवं एनपीएस ट्रेडर्स योजना के तहत हितग्राहियों के पंजीयन हेतु 4 फरवरी को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर नगर निगम रायगढ़ में दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा, जहां नवीन श्रम पंजीयन, नवीनीकरण तथा योजनाओं से संबंधित आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पात्र एवं इच्छुक श्रमिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर मौके पर ही पंजीयन करा सकेंगे।

सहायक श्रमायुक्त रायगढ़ के अनुसार इस योजना में फेरी लगाने वाले, कचरा बीनने वाले, हमाल, रिक्शा चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, मितानिन, वनोपज श्रमिक, भूमिहीन एवं कृषि श्रमिक, मध्यान्ह भोजन रसोइया, चमड़ा व हाथकरघा उद्योग, मनरेगा तथा बीड़ी उद्योग से जुड़े श्रमिकों सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के लोग लाभ ले सकते हैं। योजना के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे श्रमिक पात्र होंगे जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है तथा जो ईपीएफओ, ईएसआईसी, सरकारी एनपीएस के सदस्य या आयकर दाता नहीं हैं।

योजनांतर्गत हितग्राही को अपनी आयु के अनुसार प्रतिमाह 55 रुपये से 200 रुपये तक अंशदान जमा करना होगा, जिसके बराबर राशि भारत सरकार द्वारा वहन की जाएगी। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर लाभार्थी को न्यूनतम 3 हजार रुपये मासिक पेंशन प्राप्त होगी। हितग्राही की मृत्यु होने पर उत्तराधिकारी को 50 प्रतिशत पेंशन देय होगी तथा 60 वर्ष से पूर्व योजना से बाहर होने पर जमा राशि ब्याज सहित वापस करने का प्रावधान रखा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button