पुसौर में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, एक माह से फरार युवक को पुलिस ने भेजा रिमांड पर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना पुसौर पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगभग एक माह तक गिरफ्तारी के डर से फरार होकर छिपा हुआ था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
पीड़िता ने 28 दिसंबर 2025 को थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूल आने-जाने के दौरान मनोज खड़िया नामक युवक उसका पीछा कर अश्लील इशारे करता था। 27 दिसंबर को जब वह सहेली के साथ बाजार जा रही थी, तब आरोपी ने मोबाइल नंबर मांगते हुए उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मौके से भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
घटना के बाद से आरोपी लगातार ठिकाना बदल रहा था। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसकी पतासाजी की जा रही थी। रविवार को आरोपी के गांव में मौजूद होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार खड़िया, उम्र 20 वर्ष, निवासी पुसौर को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में पुलिस पूर्ण संवेदनशीलता के साथ त्वरित और कठोर कार्रवाई करेगी तथा सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में समयसीमा के भीतर चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
