24 घंटे के विशेष अभियान में 71 वारंटी गिरफ्तार, सभी को न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
जिले में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में 24 घंटे का विशेष अभियान चलाकर स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ की गई। पुलिस टीमों ने सुबह से ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारंटियों के ठिकानों पर दबिश दी। इस अभियान में कुल 54 स्थाई वारंट और 17 गिरफ्तारी वारंट के प्रकरणों में 71 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से सभी को जेल भेजा गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, एसडीओपी सीतापुर राजेंद्र मंडावी और एसडीओपी ग्रामीण तूल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
अभियान के दौरान सर्वाधिक कार्रवाई थाना कोतवाली एवं थाना गांधीनगर क्षेत्र में की गई। थाना कोतवाली से 19 स्थाई व 02 गिरफ्तारी वारंट, गांधीनगर से 13 स्थाई वारंट, मणीपुर से 04 स्थाई व 05 गिरफ्तारी वारंट, उदयपुर से 03 स्थाई व 02 गिरफ्तारी वारंट, लखनपुर से 02 स्थाई, कमलेश्वरपुर से 01 स्थाई व 03 गिरफ्तारी वारंट, लुन्ड्रा से 03 गिरफ्तारी वारंट, बतौली से 04 स्थाई, धौरपुर से 02 स्थाई, सीतापुर से 01 स्थाई व 04 गिरफ्तारी वारंट तथा दरिमा से 02 स्थाई व 01 गिरफ्तारी वारंट की तामिली कराई गई। समस्त थाना/चौकी प्रभारियों और पुलिस बल ने समन्वित रूप से यह कार्रवाई पूरी की।
इसी क्रम में थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र के मानव तस्करी के 18 वर्ष पुराने मामले में जारी स्थाई वारंट पर आरोपी राजेश एक्का को गिरफ्तार किया गया। वहीं जिला सोनभद्र उत्तरप्रदेश के वर्ष 2015 के प्रकरण में वारंटी दिनेश प्रताप सिंह को थाना गांधीनगर पुलिस ने पकड़कर संबंधित न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि वारंटियों के विरुद्ध यह सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
