38 वर्ष की गौरवपूर्ण सेवा के बाद डीएसपी साधना सिंह सेवानिवृत्त, पुलिस कार्यालय रायगढ़ में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित
रायगढ़, 31 जनवरी। उप पुलिस अधीक्षक साधना सिंह 38 वर्षों की दीर्घ एवं सराहनीय सेवा के उपरांत आज पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुईं। पुलिस परंपरा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ में सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित अधिकारियों–कर्मचारियों ने उनकी सेवाओं को स्मरण करते हुए सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम का संचालन डीएसपी सुशांत बनर्जी ने किया, जिसमें साधना सिंह के सेवाकाल का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश के जगदलपुर जिले से उप निरीक्षक के रूप में सेवा प्रारंभ की। इसके बाद सब इंस्पेक्टर व इंस्पेक्टर पद पर बिलासपुर, जांजगीर–चांपा, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ के विभिन्न थानों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। वर्ष 2018 में पदोन्नत होकर डीएसपी बनीं और मुंगेली के बाद रायगढ़ में सेवाएं देती रहीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि साधना सिंह का पूरा सेवाकाल अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उस दौर में जब पुलिस सेवा को पुरुष प्रधान माना जाता था, उन्होंने अपनी कार्यक्षमता से अलग पहचान बनाई और कार्य–जीवन में संतुलन का प्रेरक आदर्श प्रस्तुत किया।
सम्मान समारोह में साधना सिंह का परिवार, शहर के गणमान्य नागरिक तथा पुलिस विभाग के अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, अनिल कुमार विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांत बनर्जी, प्रोबेशनल डीएसपी अजय नागवंशी, आरआई अमित सिंह सहित पुलिस कार्यालय का स्टाफ शामिल हुआ। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
