न्यूज

सार्वजनिक स्थान पर फरसानुमा तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक जूटमिल पुलिस के हत्थे चढ़ा, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

रायगढ़, 31 जनवरी। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जूटमिल पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर फरसानुमा तलवार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम अमलीभौना नीचेपारा का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अमलीभौना नीचेपारा में एक युवक शराब के नशे में फरसानुमा धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराते-धमकाते हुए दहशत फैला रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते हुए झगड़ा-विवाद कर रहा था। आसपास मौजूद लोगों की सहायता से घेराबंदी कर काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश यादव पिता श्रवण यादव उम्र 21 वर्ष निवासी अमलीभौना नीचेपारा थाना जूटमिल जिला रायगढ़ बताया।

आरोपी के कब्जे से फरसानुमा लोहे का धारदार हथियार जप्त किया गया। आरोपी के कृत्य को आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर उसे थाना जूटमिल के अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button