खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स को लेकर रायगढ़ में मशाल गौरव रथ यात्रा का भव्य स्वागत, शुभंकर ‘मोर वीर’ से मिले खिलाड़ी
रायगढ़-खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में निकाली गई मशाल गौरव रथ यात्रा का भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में 14 फरवरी से आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स को लेकर यह रथ यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही है।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने बताया कि सेंट जेवियर स्कूल बोईरदादर, रायगढ़ में खेलो इंडिया मशाल रैली रथ एवं शुभंकर मोर वीर का विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मंगल साय तिर्की, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने तालियों और नारों के साथ मशाल गौरव रथ का अभिनंदन किया और खेलों के प्रति अपना उत्साह प्रकट किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को खेलों के महत्व, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
विद्यालय कार्यक्रम के पश्चात् मशाल गौरव रथ रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर पहुँचा, जहाँ खिलाड़ियों ने शुभंकर मोर वीर का उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें समर्पण, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। यह मशाल गौरव रथ यात्रा प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
