न्यूज

नाबालिगों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालक गिरफ्तार, लैलूंगा पुलिस की सख्त कार्रवाई

रायगढ़, 30 जनवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने नाबालिग बच्चों को नशे के लिए व्हाइट इंक करेक्शन पेन बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालकों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लैलूंगा के साक्षी स्टेशनरी एवं प्रिया फैन्सी स्टोर में दबिश देकर अवैध रूप से रखे गए व्हाइटनर जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान दोनों दुकानों से कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट 12 एमएल (डाइल्यूटर पेन) कुल 234 नग, जिनकी कीमत करीब 6,990 रुपये आंकी गई है, बरामद किए गए। इसके साथ ही एक रियलमी मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये है, भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री का विधिवत पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह जानते हुए भी कि व्हाइट इंक करेक्शन पेन का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, नाबालिग बच्चों को इसका विक्रय कर रहे थे। इस कृत्य से बच्चों में नशे की लत लगने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।

आरोपियों चंद्रभान पटेल एवं उमेश पटेल के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 26/2026 धारा 77 बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जेजे एक्ट) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 275, 286 के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button