लैलूंगा में मवेशी तस्करी पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 8 गौवंश मुक्त; एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार,तलाश जारी
रायगढ़, 27 जनवरी। एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में मवेशी तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा पुलिस ने कटेलपारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के प्रयास को विफल किया और 08 नग कृषक गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया।
थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति 08 गौवंशों को मारते-पीटते, बिना चारा-पानी पैदल उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने कटेलपारा के पास दबिश दी, जहां एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम जलंधर यादव पिता वैधराज यादव उम्र 46 वर्ष निवासी बैस्कीमुड़ा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ बताया। आरोपी ने अपने फरार साथी पिताम्बर यादव निवासी चरखापारा के साथ मिलकर मवेशियों की तस्करी करना स्वीकार किया, लेकिन मवेशियों के परिवहन अथवा खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 21/2026 अंतर्गत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 के तहत अपराध दर्ज कर 08 नग गौवंश (अनुमानित कीमत ₹1,00,000) एवं एक लकड़ी का डंडा जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है!
