न्यूज

चाकू दिखाकर छात्रा का अपहरण व छेड़छाड़, महिला थाना–कोतवाली की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूल छात्रा के अपहरण और छेड़छाड़ के गंभीर मामले में महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाकिब खान (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पीड़ित बालिका ने महिला थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी पिछले दो वर्षों से उसका पीछा कर परेशान कर रहा था और जबरन बातचीत करता था। पूर्व में भी छेड़छाड़ की घटनाओं के कारण वह मानसिक रूप से तनाव में थी। इसी वजह से परिजन उसे स्कूल छोड़ने जाने लगे थे, लेकिन आरोपी लगातार उसे डराने-धमकाने की कोशिश करता रहा।

26 जनवरी को तबीयत खराब होने के बावजूद छात्रा स्कूल गई थी। गणतंत्र दिवस रैली के बाद घर लौटते समय आरोपी सफेद ईको कार से पहुंचा, चाकू दिखाकर जबरन गाड़ी में बैठाया और पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले जाकर छेड़छाड़ की। बाद में स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी रायगढ़ के निर्देश पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और ईको कार जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बालिकाओं से छेड़छाड़, अपहरण या किसी भी प्रकार का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button