न्यूज

कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सम्मान का गौरवपूर्ण क्षण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के हाथों कापू पटवारी गोविंद बड़ा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

रायगढ़/ कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों से चयनित कुल 162 अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें कापू पटवारी गोविंद बड़ा का नाम भी शामिल रहा।

समारोह के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कापू पटवारी गोविंद बड़ा को उनके कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन, समयबद्ध कार्यप्रणाली एवं शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में निभाई गई भूमिका के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि मैदानी स्तर पर ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के माध्यम से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा एवं प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button