न्यूज

संविधान, लोकतंत्र और सुशासन के पथ पर विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर/बिलासपुर, 26 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने शहीद सैनिकों व पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस बल को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पदक देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव है और सरकार इसी आधार पर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन, किसान-श्रमिक-महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और सुशासन में ठोस प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में माओवादी हिंसा अंतिम चरण में है और मार्च 2026 तक प्रदेश को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास और बस्तर क्षेत्र में विकास योजनाओं से भरोसा मजबूत हुआ है।

किसानों के हित में धान खरीदी 149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंची है और बीते दो वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ रुपए किसानों के खातों में अंतरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 26 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की सम्मान राशि दी जा रही है। शिक्षा में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेजों से आधारभूत ढांचा सुदृढ़ हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के तहत 7.83 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और नवा रायपुर को आईटी, एआई, फार्मा व मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। ई-ऑफिस, जेम पोर्टल और डिजिटल गवर्नेंस से सुशासन को गति मिली है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों के बीच मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी का आह्वान करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागिता का संदेश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button