लैलूंगा थाना क्षेत्र के हाई स्कूल खम्हार परिसर में महिला शिक्षक से छेड़खानी, सहायक शिक्षक ऋषीकेश सदावर्ती पर FIR दर्ज
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हाई स्कूल खम्हार के स्कूल प्रांगण के भीतर महिला शिक्षक के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। थाना लैलूंगा में दर्ज FIR क्रमांक 0018/26 के अनुसार आवेदिका श्रीमती गायत्री भगत की शिकायत पर सहायक शिक्षक ऋषीकेश सदावर्ती (36 वर्ष) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की गई है।
प्राथमिकी के मुताबिक घटना 14 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे की है, जब स्कूल प्रांगण के भीतर आरोपी ने कथित तौर पर गंदी गालियां देते हुए आवेदिका का हाथ पकड़कर जोर से मरोड़ा और उनकी लज्जा भंग की। जाँच के दौरान आरोपों की पुष्टि पाए जाने पर 21 जनवरी 2026 को FIR दर्ज की गई।
आवेदिका ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मामले को दबाने के लिए स्कूल प्रशासन से जुड़े कुछ लोगों द्वारा केस वापस लेने और स्थानांतरण कराने का दबाव बनाया गया, साथ ही धमकियां भी दी गईं। पुलिस के अनुसार प्रकरण दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक द्वारा की जा रही है और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
