बदलता मौसम, बढ़ती बीमारियां: जलवायु परिवर्तन पर रायगढ़ में स्वास्थ्य अमले का जिला स्तरीय प्रशिक्षण अभियान
रायगढ़, 15 जनवरी 2026। राज्य शासन के मंशानुरूप कलेक्टर रायगढ़ मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 06 से 15 जनवरी 2026 तक चरणबद्ध जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बदलते मौसम के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभावों की पहचान, रोकथाम और त्वरित प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के आर.एम.ए., प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, आर.एच.ओ., सी.एच.ओ., बी.डी.एम., डी.ई.ओ., पी.ए.डी.ए. सहित पंचायत व नगरीय निकाय प्रतिनिधि समूहवार शामिल हो रहे हैं। विशेषज्ञों द्वारा रोग निगरानी पोर्टल पर रिपोर्टिंग प्रक्रिया और जलवायु से जुड़ी बीमारियों की पहचान पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि वायु प्रदूषण के कारण सांस फूलना, लगातार खांसी, आंखों में जलन, त्वचा रोग व अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। बढ़ता तापमान, असामान्य वर्षा, लू, सूखा, बाढ़ और जलस्तर में गिरावट का सीधा असर जनस्वास्थ्य पर पड़ रहा है, जिससे हीट स्ट्रोक, जलजनित रोग, एलर्जी और कुपोषण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है—विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में।
प्रशिक्षण के दौरान जनजागरूकता, पौधरोपण, स्वच्छता गतिविधियों और पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से साइकिल अथवा पैदल चलने, स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, वर्षा जल संचयन, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग, कचरे का पृथक्करण व पुनर्चक्रण जैसे उपायों के जरिए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
