न्यूज

महिला सुरक्षा पर जशपुर पुलिस का रजत जयंती वर्ष अभियान शुरू, उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन महिलाएं सम्मानित

जशपुर जिले में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर जशपुर पुलिस द्वारा रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक जशपुर माननीया श्रीमती रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह अभियान 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक जिले के शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर समाज में महिलाओं की सकारात्मक एवं प्रेरणादायी भूमिका को रेखांकित करते हुए जिले की तीन महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में जनजातीय बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देने वाली श्रीमती पंडरी बाई, पर्वतारोहण के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली श्रीमती सुमन ताम्रकार तथा बीसीसीआई अंडर-19 टीम में चयनित श्रीमती आकांक्षा रानी शामिल हैं। इन महिलाओं की उपलब्धियों ने बालिकाओं एवं युवतियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

अभियान के तहत जशपुर पुलिस द्वारा शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, नशा, साइबर अपराध, पोक्सो एक्ट, मानव तस्करी एवं टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों, शासकीय योजनाओं, स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।

महिलाओं की सुरक्षा हेतु जशपुर पुलिस द्वारा “नोनी रक्षा दल” के माध्यम से लगातार जागरूकता एवं सहायता कार्य किए जा रहे हैं। 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर 9479128400 जारी किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में नोनी रक्षा दल के कार्यों का और विस्तार किया जाएगा, ताकि जिले में सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण का निर्माण हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button