फ्रेंड्स कॉलोनी चोरी का खुलासा: 48 घंटे में पुलिस ने बरामद की बंद तिजोरी, 25.64 लाख का माल रिकवर
रायगढ़। फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई चोरी की घटना में पुलिस को 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम द्वारा आज सुबह घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें चोरी गई तिजोरी बरामद की गई।
सर्चिंग के दौरान न्यू अग्रोहा धाम भवन के पीछे झाड़ियों में बंद हालत में तिजोरी मिली। प्रार्थी श्री आलोक अग्रवाल एवं उनके परिजनों की उपस्थिति में विधिवत पंचनामा कार्यवाही कर तिजोरी खुलवाई गई, जिसमें रखे गए सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि शत-प्रतिशत सुरक्षित पाई गई।
उल्लेखनीय है कि 29 दिसंबर 2025 को थाना कोतरारोड में श्री गौरव अग्रवाल द्वारा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार आलोक अग्रवाल 27 दिसंबर को रायपुर गए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला और ग्रिल तोड़कर तिजोरी व अलमारी से लगभग 54 तोला जेवरात एवं करीब 2 लाख रुपये नगद चोरी कर ली थी। इस पर थाना कोतरारोड में अपराध क्रमांक 505/2028, धारा 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड ने मौके का निरीक्षण किया। सर्चिंग के दौरान बरामद तिजोरी से 27 तोला सोने के जेवरात (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) एवं 64 हजार रुपये नगद, कुल करीब 25.64 लाख रुपये का माल बरामद किया गया। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। बरामदगी पर प्रार्थी पक्ष ने पुलिस टीम का आभार जताया है।
