सरगुजा में घना कोहरा, रायपुर में 8.3 डिग्री रात का पारा, 6 शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान
उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में शीतलहर का असर साफ दिखाई दे रहा है। सरगुजा में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जहां सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। ठंड से बचने के लिए लोग सुबह-शाम अलाव का सहारा ले रहे हैं, वहीं जनजीवन पर भी ठंड का असर दिखने लगा है।
पेंड्रा इलाके में भी ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। सुबह घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 30 मीटर रह गई, जिसके चलते वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। राज्य के 6 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। मैनपाट में करीब 4 डिग्री, अंबिकापुर में 5.8, पेंड्रा रोड में 7, रायपुर में 8.3, दुर्ग में 9 और जगदलपुर में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड में खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है, जहां बीते एक महीने में अंबेडकर समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
