क्राइमछत्तीसगढ़न्यूज

जशपुर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन : कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख से अधिक की संपत्ति SAFEMA कोर्ट ने कराई फ्रीज

जशपुर, 04 अक्टूबर 2025। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही की है। कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव, निवासी ग्राम जामझोर (चौकी कोतबा) की अवैध कमाई से अर्जित लगभग 50 लाख 64 हजार 653 रुपए मूल्य की संपत्ति को SAFEMA कोर्ट मुंबई के आदेश पर फ्रीज कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित यादव खेती-किसानी का कार्य करता था, लेकिन उसके पास मकान, स्विफ्ट डिजायर कार, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटी व बैंक खातों सहित लाखों की संपत्ति थी, जो उसके आय के स्रोत से मेल नहीं खाती थी। यह संपत्ति गांजा तस्करी से कमाई गई बताई गई।

ज्ञात हो कि रोहित यादव पर पूर्व में भी कई बार गांजा तस्करी के मामले दर्ज हो चुके हैं।

2013 में 13 किलो गांजा

2017 में 23.630 किलो गांजा

2021 में 20.570 किलो गांजा

2023 में 82 किलो गांजा के साथ पकड़ा जा चुका है।

इसके बावजूद वह लगातार तस्करी कर रहा था। इसी आधार पर जशपुर पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS Act 1985 की धारा 68(f)(1) के तहत कार्यवाही की और SAFEMA कोर्ट ने उसकी संपत्ति को फ्रीज करने का आदेश जारी किया।

यह सरगुजा रेंज में SAFEMA के तहत दूसरी बड़ी कार्यवाही है। इससे पहले मार्च 2025 में जशपुर पुलिस ने कुख्यात तस्कर हीराधर यादव की 1 करोड़ 38 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति को फ्रीज कराया था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा – “गांजा तस्करों को यह स्पष्ट संदेश है कि नशे का कारोबार छोड़ दें, अन्यथा उनकी अवैध संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button