न्यूज

प्रतिबंधित ब्राउन सुगर के साथ साईंटांगरटोली की आफरीन खातून गिरफ्तार, 8.04 ग्राम मादक पदार्थ जप्त

जशपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध की जा रही सख्त कार्रवाई के क्रम में थाना लोदाम क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 30.01.2026 को डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह को विश्वस्त मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि साईंटांगरटोली ईदगाहपारा निवासी आफरीन खातून अपने घर में ब्राउन सुगर रखकर बिक्री कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे को टीम गठित कर रेड कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दबिश देने पर आरोपिया अपने घर में उपस्थित मिली। नियमानुसार गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर घर की परछी में छिपाकर रखे प्लास्टिक पैकेट से 18 पुड़िया में कुल 8.04 ग्राम ब्राउन सुगर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10,800 रुपये है। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्त कर महिला स्टाफ की उपस्थिति में आरोपिया को अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपिया ने बताया कि उक्त ब्राउन सुगर उसके पति तस्लीम खान उर्फ चक्कर द्वारा विक्रय के लिए दिया गया था, जो वर्तमान में किसी अन्य प्रकरण में जेल में है। आरोपिया का यह कृत्य धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में पाए जाने पर थाना लोदाम में अपराध पंजीबद्ध किया गया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

इस कार्यवाही में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, स.उ.नि. सहवीर भगत, प्र.आर. 128 प्रदीप लकड़ा, आर. 694 राजेश गोप, म.आर. 794 लक्ष्मी बाई एवं म.आर. 801 सुष्मिता भगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास हो रही अनैतिक गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button