रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में 23 अप्रैल की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज और लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाना एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। ग्राम रूडूकेला निवासी लीलाराम चौहान की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब मृतक कृष्णा चौहान अपने साथी खगेश्वर भगत के साथ बिना बताए बाइक लेकर निकला था।
बताया गया कि कृष्णा चौहान स्वयं बाइक चला रहा था और पोतरा रोड स्थित मोहरलाल भगत के घर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि कृष्णा चौहान के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, वहीं पीछे बैठे खगेश्वर भगत भी घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कृष्णा चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल का इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 सहित भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आया है।
