न्यूजरायगढ़

लैलूंगा में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार दो लोग गंभीर घायल

रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झरन के पास 20 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रेलर क्रमांक CG13 AQ 9146 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी क्रमांक CG13 AN 2858 (जूपीटर) को टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता रंजित लकड़ा (36 वर्ष), निवासी ग्राम झरन, अपने भतीजे संजीव भगत के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में सुखसाय (50 वर्ष), निवासी झरन और जीयत राम यादव (75 वर्ष), निवासी खम्हार गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। दोनों को पहले शासकीय अस्पताल लैलूंगा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दुर्घटना में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

शिकायत के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 125(a) और 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना की रिपोर्ट शाम 5:39 बजे दर्ज की गई और मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक परमेश्वर गुप्ता को सौंपी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button