न्यूजरायगढ़

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल

रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है, जहां 13 अप्रैल 2026 को ग्राम छाल के सिदारपारा प्राथमिक स्कूल के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG 11 AZ 9141) के चालक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जब विघनेश्वर राठिया अपने साथी बिनेश कुमार के साथ मजदूरी का पैसा लेकर पल्सर मोटरसाइकिल (CG 13 BG 1388) से घर लौट रहा था।

हादसे में विघनेश्वर राठिया को आंख, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे बिनेश कुमार के पैर और हाथ में चोट लगी। दोनों घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छाल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें खरसिया के पद्मावती अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना परिजनों को फोन के माध्यम से मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर छाल थाना में FIR क्रमांक 0077/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button