रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर हुए सड़क हादसे में एक कार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे कार सवार कई लोग घायल हो गए। यह घटना ग्राम चोढ़ा स्थित रेलवे ब्रिज के पास हुई, जहां ट्रेलर क्रमांक CG 12 S 5146 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बिना संकेत दिए अचानक मोड़ लिया और सामने से आ रही कार CG 12 BV 6319 को टक्कर मार दी।
प्रार्थी प्रदीप कुमार अग्रवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि वे 7 अप्रैल 2026 को कोरबा जिले के बांकी मोंगरा से पुरी (ओडिशा) जा रहे थे। कार में उनके साथ रवि विश्वकर्मा, महेंद्र सिंह और अमित कुमार अग्रवाल सवार थे। हादसे में प्रदीप कुमार के सीने में चोट आई, वहीं अमित कुमार अग्रवाल को जांघ में गंभीर चोट लगी। रवि विश्वकर्मा को सीने और पैर में तथा महेंद्र सिंह को पैर में चोट आई। सभी घायलों को पहले खरसिया के शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया।
मामले में खरसिया पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(क) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 112 और 183(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
